जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। लोगों ने सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया।
सुलतानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र के खादा वसन्तपुर निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह बाइक से जा रहे थे। उनके साथ उनकी बहन प्रिंसी सिंह (25) भी बैठी थीं। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दूसरी बाइक सवार जामों थाना क्षेत्र के मूंघी निवासी अमित कुमार (24) और रामू (24) भी घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट पहना था, जिस कारण सिर और चेहरे पर गंभीर चोट नहीं आई। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।