अमेठी। पीपरपुर के मोचवा गांव निवासी कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा भादर ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद नसीर खां (62) की शनिवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनका बेटा सोएब (21) घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया।
शहबाज के मुताबिक उनके पिता नसीर भाई सोएब की रायबरेली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से अमेठी रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे। अमेठी-सुल्तानपुर मार्ग पर टिकरी के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में पिता की बाइक आ गई। हादसे में पिता और भाई घायल हो गए। लोगों ने दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेंटुआ पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेज दिया। वहां पिता की मौत हो गई। भाई की हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया। मोहम्मद नसीर के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदार और ग्रामीण घर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में घायल नसीर के मौत की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा भादर ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद नसीर के निधन पर कई जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया। कांग्रेस नेता पवन कुमार दूबे ने परिजनों की सांसद किशोरीलाल शर्मा से फोन पर बात कराई। कांग्रेस नेता पवन कुमार दूबे, न्याय पंचायत अध्यक्ष शिवदयाल शर्मा, पंकज पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, टीएसी सदस्य अशोक सिंह और किसान महासचिव कपिल पांडेय समेत कई नेताओं ने संवेदना जताई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सूर्यभान तिवारी, पूर्व मंत्री आशीष शुक्ल और ब्लॉक प्रमुख भेंटुआ आर्कष शुक्ल ने भी शोक प्रकट किया।