शाहगढ़ (अमेठी)। अलग-अलग हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र मुंशीगंज के नंद महर चौराहे से सोमवार की शाम लगभग पांच बजे पूरे दयाराम पांडेय के मजरा पनियार निवासी सूरज (23) अपने साथी अर्जुन (22) को बाइक पर बैठाकर घर जा रहा था। जामो भादर रोड पर झखर कटा मोड़ के पास ओवरटेक के दौरान आगे चल रही बाइक से टकराकर दोनों गिर गए। सूचना पर दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी शाहगढ़ ले गए। जहां चिकित्सक ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। घायल सूरज का इलाज चल रहा है।
वहीं, दूसरी घटना मुसाफिरखाना क्षेत्र की है। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग स्थित कादूनाला के पास सोमवार देर शाम बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। घटना में घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अढ़नपुर निवासी राजेन्द्र (40) अपने गांव के ही दो साथियों गुरुप्रसाद व सूर्यभान के साथ कस्बा मुसाफिरखाना से वापस घर जा रहे थे। कादूनाला-थौरी मोड़ के पास हाईवे पर उनकी बाइक को सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घटना में तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस की मदद से मुसाफिरखाना सीएचसी भिजवाया गया। जहां, डॉक्टरों ने राजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि गुरुप्रसाद व सूर्यभान को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार को कब्जे में लिया गया है।