जगदीशपुर के रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर पलटा ट्रक। स्रोत: स्थानीय
जगदीशपुर। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर मंगलवार सुबह जगदीशपुर के पूरे भागीरथपुरम के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि ट्रक सड़क पर पलटने से हाईवे के एक तरफ का आवागमन ठप हो गया। करीब छह घंटे तक पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिहार से मक्का लोड कर ट्रक जगदीशपुर की ओर जा रहा था। पूरे भागीरथपुरम के पास अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक डिवाइडर से टकराते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक इटावा जिले के लब्दी थाना क्षेत्र के बरौली निवासी अनिल कुमार (35) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद थौरी, रानीगंज से लेकर डोमाडीह तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने एक तरफ का रास्ता बंद कर दूसरी लेन से दोनों तरफ के वाहनों को निकलवाया, लेकिन जाम की स्थिति लगातार बनी रही। रानीगंज में साप्ताहिक बाजार होने के कारण परेशानी और बढ़ गई।
रानीगंज बाजार जा रहे व्यापारी रामकिशोर यादव ने बताया कि जाम में फंसने से घंटों देरी हुई और सामान समय पर बाजार नहीं पहुंच सका। अयोध्या जा रहे यात्री जितेंद्र तिवारी ने कहा कि भीषण गर्मी में छोटे बच्चों के साथ जाम में फंसना बेहद मुश्किल भरा रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि चालक खतरे से बाहर है और ट्रक हटवाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया गया। वहीं मंडी इंस्पेक्टर जाफरगंज शिव प्रसाद ने बताया कि मक्का की आमद की कोई सूचना मंडी को नहीं थी।