अमेठी सिटी। मोटर व्हीकल एक्ट में बदलाव में हिट एंड रन से जुड़े नए कानून को लेकर चालकों के विरोध शुरू हो गया है। एक-दूसरे को चप्पल की माला पहनाकर हिट एंड रन कानून का विरोध किया। चालकों का कहना है कि सरकार ने कानून को वापस नहीं लिया तो चक्का जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से मोटर व्हीकल एक्ट में किए गए कानूनी बदलाव के खिलाफ वाहन चालक बगावत पर उतर आए हैं। ट्रक चालक नीरज पटेल का कहना है कि नया मोटर व्हीकल एक्ट चालकों का विरोधी है। सरकार को इसे वापस लेना चाहिए। बुधवार देर शाम गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर चालकों ने चप्पलों की माला पहना कानून का विरोध किया। चालकों का कहना है कि कानून में बदलाव नहीं हुआ तो चक्का जाम किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अमेठी में भी प्रदर्शन की खबर है। हालांकि प्रशासन जानकारी से इंकार कर रहा है।