अमेठी स्थित पेट्रोल पंप पर तेल ना मिलने पर खड़े ट्रक। -संवाद
अमेठी। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत बृहस्पतिवार को और बढ़ गई। बाईपास समेत कई पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म हो गया, जबकि कुछ स्थानों पर पेट्रोल भी उपलब्ध नहीं था। इससे किसानों, ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
रेभा स्थित नरेश ऑटोमोबाइल्स के प्रभारी राममिलन ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति के लिए भुगतान किया जा चुका है, लेकिन अब तक तेल नहीं पहुंचा। भगवंता किसान फिलिंग स्टेशन तिवारीपुर पर शाम तक पेट्रोल और डीजल दोनों खत्म हो गया। मारुति फिलिंग स्टेशन पर डीजल उपलब्ध नहीं था।
सेंटर पॉइंट बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर भी तेल खत्म होने से चालकों को निराश लौटना पड़ा। चंदन फिलिंग स्टेशन पर सीमित मात्रा में तेल दिया जा रहा है। बाईपास स्थित पंपों पर ट्रक चालक घंटों लाइन में खड़े रहे।
प्रतापगढ़ जा रहे चालक राजेश ने बताया कि डीजल खत्म होने पर अमेठी पहुंचे, लेकिन यहां तेल नहीं मिला। पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि तहसील क्षेत्र के छह पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने की जानकारी मिली है। तेल लेकर टैंकर रास्ते में हैं और रात तक आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है।