अमेठी सिटी। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को भी चार से पांच घंटे तक कटौती और लगातार ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरीगंज के कई इलाकों में हर घंटे दो से तीन बार बिजली आपूर्ति बाधित होती रही। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ से 11 बजे के बीच भी कई बार बिजली गई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। इन्वर्टर डिस्चार्ज होने लगे और मोबाइल चार्जिंग तक प्रभावित रही।
मुसाफिरखाना के रुदौली, रामपुरमठा और बेसारा पश्चिम गांवों में लोकल फाल्ट के कारण पांच घंटे बिजली नहीं मिली। अमेठी के महमूदपुर में लाइन खराब होने से दोपहर में आपूर्ति ठप रही। करपिया फीडर से सुबह से नौ बजे तक बिजली नहीं मिली।
मऊ उपकेंद्र क्षेत्र में मंगलवार रात 11 से 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रही। शुकुलपुर फीडर से जुड़े गांवों में लगातार ट्रिपिंग होती रही, जबकि खौंपुर फीडर में खराबी आने से दोपहर में आपूर्ति प्रभावित हुई।
बिजली न मिलने से कई गांवों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई। लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, तिलोई, सेमरौता, अमेठी, जायस और भादर क्षेत्र में भी अनियमित बिजली आपूर्ति की शिकायतें रहीं।
अधिशाषी अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कोई कटौती नहीं की जा रही है। फाल्ट की सूचना मिलने पर तत्काल मरम्मत कराई जा रही है।