मोहनगंज थाने में पकड़े गए आरोपी। -स्रोत : निजी सूत्र
तिलोई। मोहनगंज कस्बे से किसान श्याम बिहारी मौर्या के अपहरण और पिटाई के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार और पिटाई में इस्तेमाल किए गए डंडे भी बरामद कर लिए गए।
इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि 31 मई को रायबरेली के चंदापुर स्थित पूरे नंदा मजरे समरहदा निवासी किसान श्याम बिहारी मौर्या के अपहरण और पिटाई के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपियों की तलाश की जा रही थी। बुधवार को वारदात में शामिल उनके गांव ही रहने वाले ऋषभ सिंह और अंकुर उर्फ वैभव श्रीवास्तव की मोबाइल लोकेशन रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर मिली।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी की। उसी दौरान एक थार आती दिखाई दी। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने विवाद के चलते श्याम बिहारी मौर्या को वाहन में बैठाकर पिटाई करने की बात स्वीकार की।
दोनों ने बताया कि वारदात में इसी थार का इस्तेमाल किया गया था। वाहन की तलाशी में पिटाई में प्रयुक्त डंडे भी बरामद हुए। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में शामिल स्वप्निल सिंह और नितिन सिंह उर्फ राकेश सिंह को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।