अमेठी सिटी। पुलिस स्मृति दिवस पर कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नमन किया गया। पुलिस लाइन में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रत्येक वर्ष की तरह सोमवार को अमेठी के ककवा मार्ग स्थित पुलिस लाइन में एसपी अनूप सिंह, एएसपी हरेंद्र कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। एसपी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस अदम्य साहस के साथ बदमाशों से मुठभेड़ में प्राणों को न्योछावर करने वाले शहीद जवानों की याद में मनाया जाता है। कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए पुलिस के जवान हमारे प्रेरणास्रोत हैं। शहीदों ने जो बलिदान दिया है, उसका पूरा देश सदैव ऋणी रहेगा। इस मौके पर पुलिस के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।