मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र इसौली के पारा- मुसाफिरखाना मार्ग पर बुधवार की शाम आई आंधी से लालगंज और जाखा चौराहे पर कई पेड़ गिर गए। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात भी बाधित रहा।
बुधवार की शाम अचानक हवाएं तेज चलने लगी। कुछ ही देर में क्षेत्र के कुछ इलाकों में धूल का गुबार दिखाई पड़ने लगा। तेज हवा के कारण मुसाफिरखाना-इसौली मार्ग पर स्थित लालगंज चौराहा और जाखा चौराहे के बीच दर्जनों पेड़ गिर गए। कुछ पेड़ और उनकी शाखाएं टूट कर सड़क पर गिर गए।
इसके साथ ही बिजली के पोल भी टूट कर सड़क पर गिर गए। जिसके कारण सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति को देखते हुए रूट डायवर्जन कर वाहनों को जाखा चौराहा- पूरे गुलाम हैदर- काजिम अली- लालगंज चौराहा वैकल्पिक मार्ग से गुजारा गया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क से पेड़ को हटाने का काम शुरू किया। मौके पर मौजूद एसएचओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम लगी हुई है। शीघ्र ही पेड़ों को सड़क से हटवा कर यातायात बहाल करा दिया जाएगा। संवाद