अमेठी। क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम आई आंधी से कई पेड़ गिर गए। इसे मकान क्षतिग्रस्त हो गए तो बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचा। इसके चलते विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई।
तहसील क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम आई आंधी से ग्राम पंचायतों में काफी नुकसान हुआ है। बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। पेड़ों के गिरने से 100 से अधिक बिजली के खंभे टूट कर गिर गए।
इसके चलते आपूर्ति बाधित हो गई। संग्रामपुर ब्लॉक के जरौटा गांव में गिरिजा शंकर, राजेश पांडेय, हरिश्चन्द्र मिश्र, देशराज, ज्ञान प्रकाश, बेनी प्रसाद व देव शंकर आदि के मकान व टिन शेड पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
अमेठी कालिकन एवं अन्य मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। जरौटा गांव के पास एक प्राइवेट बस पर पेड़ गिर गया। हालांकि इसमें सभी यात्री सुरक्षित बच गए। सिर्फ चालक को मामूली खरोच आई।
ग्रामीणों की मदद से सड़कों पर गिरे पेड़ों को काटकर हटाया गया लेकिन बिजली के खंभे टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित है। एसडीएम महात्मा सिंह ने कहा कि राजस्व कर्मियों को नुकसान की रिपोर्ट देने को कहा गया है।