अमेठी। प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के लिए अब शाम का सफर आसान हो जाएगा। अमेठी डिपो ने नई रोडवेज बस सेवा शुरू की है, जो रोज शाम चार बजे प्रतापगढ़ मार्ग से प्रयागराज रवाना होगी। रात में बस का ठहराव प्रयागराज में रहेगा और अगले दिन सुबह सुल्तानपुर होते हुए वापस अमेठी डिपो पहुंचेगी। नई सेवा शुरू होने से यात्रियों में खुशी दिखाई दे रही है।
अब तक अमेठी डिपो से प्रयागराज के लिए सुबह सात बजे, नौ बजे और 11 बजे तक ही बसें संचालित होती थीं। दोपहर बाद सीधी बस न होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। कई यात्रियों को प्रतापगढ़ तक निजी वाहन से जाना पड़ता था। प्रयागराज में संगम स्नान, बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन, इलाज, व्यापारिक कार्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अमेठी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
शहर निवासी रामअवध यादव ने बताया कि शाम के समय प्रयागराज जाने में सबसे अधिक परेशानी होती थी। नई बस सेवा शुरू होने से सफर आसान हो जाएगा। मिश्रौली की सीमा सिंह ने कहा कि इलाज के सिलसिले में अक्सर प्रयागराज जाना पड़ता है। अब शाम को सीधी बस मिलने से राहत मिलेगी।
गोसाईगंज क्षेत्र के छात्र शिवम तिवारी ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं और कोचिंग के लिए प्रयागराज जाने वाले छात्रों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती थी। नई सेवा से समय की बचत होगी और सफर भी सुविधाजनक बनेगा। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि यात्रियों की मांग पर नई बस सेवा शुरू की गई है। इससे लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।