फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: अब अयोध्या-बाराबंकी जाना हुआ आसान

Sun, 15 Nov 2026 01:16 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
बाजार शुकुल के गोमती नदी के पन्ही-मांझगांव का पीपा पुल। -संवाद
विज्ञापन
अमेठी सिटी। गोमती नदी पर पीपे के चार पुल तैयार होने से जगदीशपुर, मुसाफिरखाना और बाजारशुकुल क्षेत्र के करीब एक लाख लोगों की राह आसान हो गई है। अब ग्रामीणों को अयोध्या और बाराबंकी जाने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। नदी के दूसरी ओर खेती करने वाले किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी। खेतों तक पहुंचने के लिए 10 से 12 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करने की मजबूरी खत्म होगी। ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों के साथ फसल की ढुलाई भी आसान होगी।
विज्ञापन


मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र में गोमती नदी पर लोक निर्माण विभाग ने नांदी, पन्ही, पिछूती और दंडेश्वर धाम के पास पीपे के चार पुल तैयार करा दिए हैं। हर साल बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण सुरक्षा के लिहाज से इन पुलों को खोल दिया जाता है। पानी का बहाव कम होने के बाद दोबारा पुल तैयार कराए जाते हैं।

इस बार चारों स्थानों पर पुल बनने से नदी पार करने का आवागमन का रास्ता उपलब्ध हो गया है। बाजारशुकुल क्षेत्र के नांदी मार्ग से अयोध्या जाने वालों को सीधा रास्ता मिलेगा। पन्ही मार्ग बाराबंकी जिले को जोड़ता है, जबकि जगदीशपुर क्षेत्र का पिछूती मार्ग अयोध्या जाने में सहूलियत देगा। इससे श्रद्धालुओं और दूसरे जिलों में आने-जाने वाले ग्रामीणों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
विज्ञापन


पुलों से किसानों की मुश्किलें भी कम होंगी। गोमती के दूसरी ओर जिन किसानों के खेत हैं, उन्हें अब लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर और अन्य उपकरण ले जाने के साथ उपज घर तक पहुंचाना आसान होगा। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के एक्सईएन रमेश चंद्र ने बताया कि गोमती पर नांदी, पन्ही, पिछूती और दंडेश्वर धाम के पास चारों पीपे के पुल तैयार करा दिए गए हैं। सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। पुलों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।




इन गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नांदी, पन्ही, पिछूती, शिवली और पांडेयगंज सहित आसपास के गांवों के लोगों को इन पुलों का लाभ मिलेगा। दंडेश्वर धाम के आसपास बसे ग्रामीणों का भी आवागमन आसान होगा। नदी के दोनों किनारों के गांवों के बीच संपर्क बढ़ने से बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी।


धार्मिक स्थलों तक जाने में मिलेगी राहत
दंडेश्वर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। शिवली से पन्ही गांव स्थित माताजी के मंदिर और पांडेयगंज से मां कामाख्या भवानी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी कम दूरी तय करनी पड़ेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें