अमेठी। वाराणसी लखनऊ रेल खंड स्थित अंतू से प्रतापगढ़ तक रेल ट्रैक दोहरीकरण के चलते दिन में चलने वाली कुछ ट्रेनों के निरस्त किए जाने व रूट डायवर्ट होने से यात्रियों को भटकना पड़ रहा है। अधिक खर्च होने के बावजूद लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हालांकि ट्रेनों के निरस्त होने से लखनऊ और प्रयागराज को जाने वाली स्थानीय डिपो की बसों के राजस्व में वृद्धि हुई है।
लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित अंतू रेलवे स्टेशन से प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन तक ट्रैक दोहरीकरण के साथ ही अन्य कार्य किए जा रहे हैं। इसके चलते रूट पर दिन में चल रही आठ ट्रेनों को निरस्त किया गया है तो भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस को रायबरेली से संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा छह ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया गया है।
ऐसे में यात्रियों को प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक के बीच चलने वाली लखनऊ कानपुर प्रयागराज जौनपुर इंटरसिटी व पीआरएल पैसेंजर के कैंसिल होने से प्रतिदिन आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रोडवेज व प्राइवेट साधनों पर अधिक खर्च करने के बावजूद उन्हें सहूलियत नहीं मिल पा रही है।
परिवर्तित रूट से चलाई जा रही हुई ट्रेनों को पकडने के लिए जिले के रेल यात्रियों को प्राइवेट व अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इन सब के बीच यात्रियों को भटकना पड़ रहा है। दिन में ट्रेनों का संचालन बंद होने से परिवहन निगम की बसों के राजस्व में वृद्धि हुई है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके गर्ग ने बताया कि लखनऊ रायबरेली प्रयागराज और कानपुर को जाने वाली बसों के राजस्व में वृद्धि हुई है।