अमेठी। मुंशीगंज के संजय गांधी अस्पताल के कैंपस में संचालित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा के छत से छलांग लगाने के मामले में कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि पुलिस की जांच में यह पाया गया है कि छात्रा ने झूठे आरोप लगाकर की गई डांट-फटकार से छुब्ध होकर जान देने की कोशिश की थी।
गौरीगंज शहर के मोहल्ला कटरा लालगंज के ददन कुमार की पुत्री सपना ने मुंशीगंज स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा है। शुक्रवार को वह परीक्षा देने कॉलेज गई थी।
इसी बीच दोपहर बाद उसने अचानक कॉलेज के दूसरे तल की छत से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा का लखनऊ के एसजीपीजीआई के सामने स्थित ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
मामला छात्रा से जुड़ा होने की वजह से पुलिस भी मामले को लेकर सक्रिय है। शुक्रवार रात लखनऊ जाकर छात्रा का हाल चाल लेने के बाद मुंशीगंज एसएचओ शिवाकांत पांडेय शनिवार को सीओ के साथ अस्पताल पहुंचे और कॉलेज प्रबंधन व स्टॉफ के अलावा सपना के आसपास बैठकर परीक्षा देने वाली छात्राओं के अलावा कई अन्य लोगों से अलग-अलग बात की।
सूत्रों के अनुसार कॉलेज प्रबंधन व स्टॉफ जहां इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुआ वहीं कुछ छात्राओं ने बताया कि सपना के अलावा तीन अन्य छात्राओं को नकल के संदेह में परीक्षा से उठा दिया गया था। बाद में इन छात्राओं से दोबारा परीक्षा देने को कहा। इस पर छात्रा क्षुब्ध हो गई और उसने छत से नीचे छलांग लगा दी। एक छात्रा ने बताया कि उसने सपना को छत से गिरते देखा तो उसके होश उड़ गए। एसएचओ ने बताया कि अभी मामले की जांच चल रही है।