अमेठी। अमेठी शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। सहालग में बाजारों की रौनक बढ़ने के साथ-साथ शहर की सड़कें जाम से पूरी तरह जकड़ गई हैं। पटरियों पर अस्थायी दुकानों के कारण सड़कों की चौड़ाई घट गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बृहस्पतिवार को शहर में जाम की समस्या बनी रही। इसमें वाहन घंटों फंसे रहे।
सड़क के किनारे और बीच बाजार में वाहन खड़े करने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शहर के राजर्षि तिराहे से लेकर सगरा तिराहे, गांधी चौक, ककवा ओवरब्रिज और आंबेडकर तिराहे तक रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय निवासी विमल मिश्रा, आशीष तिवारी, सत्यम शुक्ल, विनय सिंह, प्रदीप यादव, एजाज खान, बबलू पाल और राजकुमार मौर्य का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी उदासीन बने हुए हैं।
पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण दुकानों के बाहर दोपहिया व चार पहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग जाम का मुख्य कारण बन रही है। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि सहालग में बाजारों में भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनती है। सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है और गलत पार्किंग करने वालों का चालान किया जाता है। जाम की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंचती है।
प्राइवेट बसें भी बन रहीं जाम का कारण
प्रतापगढ़ से गौरीगंज जाने वाली प्राइवेट बसें शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरती हैं। स्थानीय निवासी विजय कुमार का कहना है कि यदि ये बसें राजर्षि तिराहे से रामलीला मैदान होते हुए सुल्तानपुर रोड पर बने बाईपास से होकर चलें तो जाम से काफी हद तक निजात मिल सकती है।