अमेठी सिटी। नगर पंचायत अमेठी की साप्ताहिक बंदी का दिन बदले जाने को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापारियों ने डीएम को संबोधित पत्र देकर रविवार के बजाय मंगलवार को ही साप्ताहिक बंदी जारी रखने की मांग उठाई है।
जिलाधिकारी निशा अनंत की ओर से श्रम विभाग के अनुमोदन पर साप्ताहिक बंदी का रोस्टर जारी किया गया था। नगर पंचायत अमेठी में साप्ताहिक बंदी के लिए मंगलवार का दिन निर्धारित था। साप्ताहिक बंदी का दिन बदले जाने के बाद कुछ व्यापारी संतुष्ट दिखे तो कुछ व्यापारियों ने इस पर नाराजगी जताई। मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी की अगुवाई में पदाधिकारियों व व्यापारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम स्वास्तिक श्रीवास्तव को सौंपा।
बताया कि नगर पंचायत अमेठी बाजार में पिछले कई दशकों से रविवार को ही साप्ताहिक बाजार लगती चली आ रही है। बाजार के दिन तहसील क्षेत्र के साथ अन्य क्षेत्र से भी दुकानदार पहुंच कर अपनी दुकान लगाकर कारोबार करते हैं। ऐसे में दुकानदारों को समस्या होगी। बताया कि साप्ताहिक बंदी के ही दिन नगर के व्यापारी लखनऊ, कानपुर आदि शहरों में जाकर थोक सामान की खरीददारी करते हैं।
ऐसे में रविवार के दिन साप्ताहिक बंदी होने से बैंक बंद होने से व्यापारियों की परेशानी बढ़ जाएगी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि डीएम से फोन पर वार्ता हुई है। डीएम की ओर से इस पर विचार करने को आश्वासन दिया गया है। इस दौरान संरक्षक राकेश लोहिया, नगर अध्यक्ष सोनू कसौधन, महामंत्री संदीप अग्रहरि, मीडिया प्रभारी अखिलेश सोनी, हिमांशु अग्रवाल, हिमांशु अग्रहरि, चित्रांशु जायसवाल आदि मौजूद रहे।