मुसाफिरखाना। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मंगलम फ्लाईओवर के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से लकड़ी लदा ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक तकिया मजरे जमुवारी गांव निवासी मुजाहिद अली (30) की मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक घायल हो गए।
घायलों में मोहम्मद जहीर (40), इम्तियाज (25) और वसीद (40) शामिल हैं। गंभीर हालत में मोहम्मद जहीर को जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो का इलाज सीएचसी में चल रहा है। वसीद के अनुसार, सभी लोग मझरिया से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लकड़ी लादकर मुसाफिरखाना आ रहे थे। मंगलम फ्लाईओवर के पास ट्रैक्टर सर्विस लेन से हाईवे पर चढ़ रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रुक गया और उस पर सवार सभी लोग गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से चला गया। लोगों ने घायलों को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया। डॉक्टरों ने मुजाहिद अली की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया, जहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने राहत व बचाव कार्य कराते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मुजाहिद अली की मौत से पत्नी शबनम का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पति ने घर से निकलते समय कहा था कि देर से लौटेंगे, लेकिन अब कभी वापस नहीं आएंगे।