गौरीगंज के जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में जांच करती कर्मी। संवाद
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में करीब 18 दिनों से बंद थायराइड और एचबीए-1सी की जांच सोमवार से फिर शुरू हो गई। किट उपलब्ध नहीं होने के कारण डॉक्टर की सलाह पर जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को परेशानी हो रही थी। दोनों जांच शुरू होने से मरीजों को राहत मिली है। तीन दिनों से खराब अल्ट्रासाउंड मशीन भी ठीक करा दी गई। सोमवार को 52 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।
जिला अस्पताल में थायराइड और एचबीए-1सी की जांच उपचार के लिए जरूरी होती है। किट खत्म होने से चिकित्सकों की ओर से लिखी गई जांच नहीं हो पा रही थी। रिपोर्ट नहीं मिलने से कुछ मरीजों का उपचार भी प्रभावित हो रहा था। मरीजों को मजबूरी में निजी पैथोलॉजी में जांच करानी पड़ रही थी। इससे इलाज का खर्च बढ़ रहा था।
अब अस्पताल में किट उपलब्ध होने के बाद दोनों जांच की सुविधा बहाल कर दी गई है। वहीं अल्ट्रासाउंड मशीन की खराबी भी दूर करा दी गई। मशीन ठीक होने के बाद मरीजों की जांच शुरू कर दी गई है। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि थायराइड और एचबीए-1सी जांच की किट उपलब्ध हो गई है। सोमवार से दोनों परीक्षण शुरू कर दिए गए हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन भी ठीक करा दी गई है।