अमेठी सिटी। जायस थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक ढाबे पर तीन सिपाही किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गए। इस बीच एक श्रमिक बीच में आया तो तीनों ने उसकी भी पिटाई कर दी। इतना ही नहीं पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही से भी अभद्रता की। फिलहाल पुलिस के डर से श्रमिक ने शिकायत नहीं की तो सिपाही भी लिखित शिकायत करने से बचते रहे। फिलहाल मामला संज्ञान में आने के बाद जांच के बाद कार्रवाई की बात अफसर कह रहे हैं।
जायस थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर शनिवार रात तीन पुलिस कर्मियों की कारगजुारी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी। सूत्रों का कहना है कि ढाबे पर तीन पुलिस कर्मियों ने शराब पी। उसके बाद आपस में ही भिड़ गए। इन लोगों में जमकर गाली गलौच और धक्का-मुक्की हुई। एक दूसरे पर जाति सूचक शब्दों का भी इस्तेमाल भी किया। इस दौरान वहां मौजूद एक श्रमिक ने बीच-बचाव की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसको पीट दिया।
किसी तरह यहां मामला शांत हुआ, लेकिन एक पुलिसकर्मी नौगजी पिकेट पहुंचा तो वहां तैनात एक अन्य सिपाही से भी तीनों ने अभद्रता शुरू कर दी। एसएचओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच करवाई जा रही है।