अमेठी सिटी। जमीन बैनामा के नाम पांच लोगों ने एक व्यापारी से 27 लाख रुपये ठग लिए। उसने जब अपना पैसा वापस मांगा को धमकी देने लगे। परेशान व्यापारी ने पहले अफसरों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर सात निवासी वीरेंद्र कुमार कौशल ने थाना क्षेत्र के पूरे पंडा मजरे रंजिवतापुर गांव निवासी दिनेश मिश्र व उनकी पत्नी सपना मिश्र के साथ ही अमेठी थाने के भैसवा गांव निवासी घनश्याम, टिकरी गांव निवासी मीनावती व मुंशीगंज थाने के सरूवावा गांव निवासी संपत पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
वीरेंद्र ने बताया कि इन लोगों ने उससे जमीन का बैनामा करने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में 27 लाख रुपये ले लिए। इतना ही नहीं बैनामे की बात कहते हुए एक फर्जी कागज थमा दिया। जब उसने जांच करवाई तो बैनामा फर्जी निकला। इसके बाद उसने पैसा वापस मांगना शुरू किया तो उसे धमकी देने लगे। एसएचओ बृजेश सिंह ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज करने की बात स्वीकार करते हुए जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।