अमेठी। जिले में शुक्रवार देर रात और शनिवार शाम आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दन तीनों मरीजों को एल-वन हास्पिटल में भर्ती कराकर इलाज शुरू करा दिया गया है। इधर निगेटिव में शामिल पांच मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 23 हो गई है।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात और शनिवार शाम आई रिपोर्ट में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने तीनों संक्रमितों को एल-वन अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू करा दिया।
दूसरी तरहफ अस्पताल में आइसोलेट पांच कोरोना मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उनको शनिवार शाम डिस्चार्ज कर उनके घर भेज दिया गया। कहा कि पॉजिटिव मिले मरीजों में गौरीगंज की एक महिला व बाजार शुकुल का एक युवक स्थानीय तो जायस का एक युवक मुंबई से आया था।
बताया कि संक्रमित मिले मरीजों के गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए वहां मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक व स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। नामित अफसर व कर्मी गांव जाकर संक्रमित के क्लोज कॉन्टेक्ट खंगालने के साथ ही गांव को सैनिटाइज करने का काम कर रहे हैं। कंटेनमेंट जोन को सील करते हुए आवागमन पूरी तरह से बंद करा दिया गया है। गांव में लोगों को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से कराई जा रही है।