जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बुधवार को सीएमओ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन चिकित्सक व 10 स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। एक चिकित्सक छह दिन से, दो स्टाफ नर्स तीन दिन से और एक आउटसोर्सिंग कर्मी लगातार अनुपस्थित चल रहे थे। जिसपर सीएमओ ने सभी का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया है। अस्पताल में मिलीं खामियों पर सीएमओ ने संबंधितों को कड़ी फटकार भी लगाई।
स्वास्थ्य विभाग में तैनात चिकित्सक व कर्मियों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। जिला स्तरीय अफसरों की ओर से किए जा रहे औचक निरीक्षण व कार्यवाही का डर भी इन्हें नहीं है। बगैर सूचना के चिकित्सक व कर्मी अपनी ड्यूटी से नदारद हो जाते हैं। बुधवार को जिले के जगदीशपुर सीएचसी में करीब 10 बजे के बाद कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने जगदीशपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने डेंटल विभाग, ओटी, प्रसव कक्ष, एमएनसीयू, दवा वितरण काउंटर, पंजीकरण कक्ष, वार्ड, ओपीडी, लैब, पार्क, परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मिलीं खांमियों पर सीएमओ ने अधीक्षक डॉ. सुरेश सचान सहित अन्य संबंधित को फटकार लगाते हुए दुरूस्त करने का निर्देश दिया।
इस दौरान अस्पताल में तैनात सर्जन डॉ. रजनी कुमार बीते छह दिनों से ड्यूटी से नदारद मिलीं। वहीं, स्टाफ नर्स प्रीति गौतम व संतोष कुमारी तीन दिन व सहायक शोध अधिकारी निशा पासी दो दिन और आउटसोर्सिंग कर्मी अनीता इस माह से लगातार ड्यूटी से नदारद मिलीं। वहीं, डेंटल चिकित्सक डॉ. प्रवीर कुमार च संविदा चिकित्सक डॉ. पूनम सिंह भी ड्यूटी पर अनुपस्थित मिले। इनके अलावा अस्पताल में तैनात नेत्र परीक्षण अधिकारी ममता उपाध्याय, कर्मी प्रियंका, शिव बालक यादव, संजू मिश्रा, गौरव सिंह, तालिब खान भी अनुपस्थित मिले।
सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सभी अनुपस्थित चिकित्सकों व कर्मियों का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण जारी कर विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्र पर प्रसव बढ़ाए जाने एवं साफ सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने का निर्देश दिया।