अमेठी। जिले में शुक्रवार को तीन और नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। आईआईटीआर लखनऊ से भेजी गई जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्रशासन ने तीनों मरीजों को बाराबंकी के चंद्रा हास्पिटल में तैयार मंडलीय लेबल-वन अस्पताल भेजकर इलाज शुरू करा दिया है। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 16 पहुंच गई है। डीएम ने संबंधित गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकाल के तहत कार्रवाई शुरू करा दी है।
प्राइवेट वाहन से विकास खंड मुसाफिरखाना के भीखीपुर निवासी पिता-पुत्र 12 मई को और शाहगढ़ ब्लॉक के टोपरी भनियापुर गांव निवासी एक व्यक्ति परिवार समेत मुंबई से गांव पहुंचे थे। प्रशासन ने उन्हें होम क्वारंटीन कराते हुए 13 मई को सैंपलिंग कराकर जांच के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टाक्सिको लॉजिकल रिसर्च सेंटर (आईआईटीआर) लखनऊ भेजा था।
शुक्रवार बाद दोपहर आई रिपोर्ट में तीनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। रिपोर्ट मिलते ही डीएम अरुण कुमार ने तीनों को मंडलीय एल-वन अस्पताल बनाए गए बाराबंकी के चंद्रा हास्पिटल में आइसोलेट कराते हुए इलाज शुरू करा दिया।
पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद डीएम ने भीखीपुर व टोपरी भनियापुर गांव के आसपास की एरिया को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए मजिस्ट्रेट व नोडल अफसरों की तैनाती कर दी है। बताया कि प्रोटोकाल के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गांव पहुंचे अफसरों ने कंटेनमेंट घोषित क्षेत्र सील कराते हुए आवागमन को पूरी तरह से बंद करा दिया। गांव के साथ ही सील एरिया को सैनिटाइज तथा वहां रहने वाले लोगों की स्क्रीनिंग का कार्य मेडिकल टीम की ओर से शुरू कर दिया गया है।
आईआईटीआर लखनऊ से शुक्रवार दोपहर बाद आई रिपोर्ट में कोरोना के तीन मरीज मिलते ही डीएम अरुण कुमार ने भीखीपुर, टोपरी भनियापुर व उसके आसपास के एरिया के साथ ही पहले से कंटेनमेंट जोन घोषित मुसाफिरखाना, बदलगढ़, रोहसीखुर्द, नकदैयापुर व अमेठी में कंटेनमेंट अवधि अग्रिम आदेश तक बढ़ा दी है।
डीएम ने अपने आदेश में सील किए गए क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को उनके घर से बाहर निकलने तथा उस परिधि में किसी भी प्रकार का प्रवेश, निकास तथा वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। डीएम ने संबंधित अफसरों को आदेश का पूरी तरह से पालन कराने का निर्देश दिया है।