अमेठी। डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थानीय तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें फरियादियों की लंबी कतार के साथ ही शिकायतों का अंबार लगा रहा। समाधान दिवस में आई 151 शिकायतों में मौके पर महज तीन का ही निस्तारण हो सका।
कोविड-19 संक्रमण के बीच जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए परिसर में टेंट लगाकर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मंगलवार को डीएम अरुण कुमार व एसपी दिनेश सिंह की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में फरियादियों की लंबी कतार लगी रही।
फरियादी अधिक होने के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन नहीं हो पा रहा था। दिवस में कुल 151 शिकायतें आईं जिसमें से मौके पर तीन का ही निस्तारण हो सका। दिवस में मिली शिकायतों में राजस्व विभाग की 48, पुलिस विभाग की 35, विकास विभाग की 37 और अन्य विभागों से 31 शिकायतें आईं। पॉवर कॉर्पोरेशन के अफसरों के संपूर्ण समाधान दिवस में नहीं आने से बिजली से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण नहीं हो सका।
डीएम ने प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण ढंग से मौके पर जाकर करने का निर्देश दिया। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा एडीएम वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में तिलोई तहसील, एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में गौरीगंज तहसील तो मुसाफिरखाना में एसडीएम की अध्यक्षता में दिवस का आयोजन हुआ।