अमेठी। पीपरपुर पुलिस ने दीपावली से पहले चल रहे अवैध पटाखा कारोबार का सोमवार को भंडाफोड़ किया। पुलिस ने थाने के बीकापुर मोड़ के पास से एक पिकअप पर 18 बैग पटाखा लादकर जा रहे तीन आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए सभी आरोपी सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं।
दीपावली पर अवैध पटाखा बिक्री प्रतिबंधित करने के लिए एसपी दिनेश सिंह ने पिछले दिनों सभी थानाध्यक्षों को सतर्क रहने का निर्देश दिया था। अवैध विस्फोटक पदार्थों के विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान सोमवार देर शाम पीपरपुर थाने के दरोगा हरिश्चंद्र यादव की टीम को सफलता हाथ लगी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोका तो उस पर सवार तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने तीनों को दौड़ाकर पकड़ने के बाद वाहन की तलाशी ली तो उसमें 18 बड़े बैग अवैध पटाखे (प्रत्येक बैग में 400 पटाखे) बरामद हुए।
पकड़े गए लोगों की पहचान सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात थाने के गांव रामनगर बनकट निवासी मो. शकील व मो. वसी तथा इसी थाना क्षेत्र के गांव पूरनपुर निवासी हनुमान कोरी के रूप में हुई।
आरोपियों ने बताया कि वे दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत अवैध पटाखे को बेचने के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे। आरोपी विस्फोटक पदार्थ का लाइसेंस नहीं दिखा सके। सीओ अर्पित कपूर ने बताया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।