अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के दो गांव के चार घरों से सोमवार रात चोर लाखों के जेवर व 37 हजार की नकदी उठा ले गए। परिवार वालों को चोरी की जानकारी सुबह सोकर उठने के बाद हुई। पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
संग्रामपुर थाने के गांव कसारा निवासी अंबिका प्रसाद दुबे के घर की खिड़की तोड़कर चोर सोमवार की रात दाखिल हुए। चोरों ने घर के उन कमरों को बाहर से बंद कर दिया जिसमें परिवार के लोग सो रहे थे। एक खाली कमरे में घुसकर चोर वहां रखी आलमारी में रखे करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवर व दस हजार रुपये नकद उठा ले गए।
इसी थाना क्षेत्र के गांव पूरे खुशियाल तिवारी का पुरवा में चोरों ने तीन घरों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने ग्राम प्रधान कृष्ण मोहन तिवारी, मदन मोहन तिवारी व ओमप्रकाश तिवारी के घर में घुसकर तीनों घरों से करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर व 27 हजार रुपये की नकदी उड़ा दी।
सभी चोरी की घटनाओं की जानकारी परिवार वालों को सुबह तब हुई जब वे सोकर उठे। कसारा में तो सभी सदस्यों का कमरा बाहर से बंद होने पर वह लोग फोनकर गांव वालों की मदद से अपने कमरे से बाहर निकल सके तो पूरे खुशियाल में सुबह सोकर उठने के बाद परिवार वालों को चोरी होने की जानकारी हुई।
112 नंबर पर सूचना देने के बाद पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएचओ राजीव सिंह ने बताया कि चोरी होने की जानकारी मिली है। मगर अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।