जामो थानाक्षेत्र के गोरियाबाद के पास शनिवार को किया था फौजी व साथी पर हमला
कमांड अस्पताल में फौजी को तो ट्राॅमा सेंटर में साथी का चल रहा उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरीगंज (अमेठी)। पुरानी रंजिश में घेराबदीं कर फौजी व उसके साथ की पिटाई करने वाले तीन अभियुक्त पुलिस टीम के हत्थे चढ़ गए। शनिवार को हमले में घायल फौजी का उपचार लखनऊ कमांड तो साथी का उपचार ट्राॅमा सेंटर में चल रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद व छह अज्ञात पर केस दर्ज किया था।
जम्मू के श्रीनगर में भारतीय सेना में तैनात जामो थाने के पूरे आनंद वैश्य गोरियाबाद निवासी शशांक सिंह व उनके साथी विपिन पर पूरे धना पांडेय मजरे गोरियाबाद के पास हवाई फायरिंग कर रोकने के बाद राॅड व लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी थी। मार-पीट से घायल सैनिक व साथी को मृत समझ हमलावर फरार हो गए। घायलों दोनों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पिता संजीत सिंह की तहरीर पर रविवार को पुलिस ने गोरियाबाद निवासी इबरार व मेराज खान तथा सूरतगढ़ निवासी सोहेल खान व नाजिम अली ने अपने छह अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया।
केस दर्ज करने के बाद अभियुक्तों की तलाश व मामले की जांच में जुटी पुलिस ने पूरे चितई के पास बाइक सवार तीन संदिग्ध को धर-दबोचा। पकड़े गए संदिग्धों की पहचान थानाक्षेत्र के गोरियाबाद निवासी इबरार, सहवान तथा कपासी गांव निवासी मोहम्मद जुबैर के रूप हुई। पूछताछ में तीनों ने फौजी शशांक सिंह व विपिन सिंह पर हमला करने की बात स्वीकार की। तीनों के आरोप स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे की राॅड व दो लाठी इबरार के मुर्गी फार्म के पास से बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि घटना में नामजद सोहेल खान व अन्य अज्ञात की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर पूरे मामले की चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित की जाएगी।