तिलोई। सीएचसी तिलोई में पुलिस अभिरक्षा के दौरान तीन युवकों की पिटाई और दो का गला दबाने के प्रयास के मामले में वांछित पूरे शिव सिंह मजरे कूरा निवासी मोहम्मद सिराज (37) को मोहनगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
रविवार को मारपीट के मामले में पुलिस मोइनुद्दीन, मकसूद अहमद और अरफान खान को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी तिलोई ले गई थी। इसी दौरान दो वाहनों से पहुंचे सात लोगों ने तीनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनकी पिटाई की और मोइनुद्दीन व मकसूद का गला दबाने का प्रयास किया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया था।
अलीशेर की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इंस्पेक्टर राकेश सिंह की टीम ने सिराज को गिरफ्तार किया। क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।