अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के चंडेरिया में शनिवार को चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। मकान मालिक परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। बुधवार दोपहर मार्ग के समीप बैटरी व इन्वर्टर पड़ा देख ग्रामीणों ने पीआरवी पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस पहुंची तो घर के सभी आलमारी के ताले टूटे मिले और सामान अस्तव्यस्त था। घर के मालिक के न होने से गायब हुए सामान की जानकारी नहीं हो सकी है।
चंडेरिया निवासी वफा खान के मकान में चोरी हुई है। वे परिवार के साथ मुंबई में रहकर कारोबार करते हैं। एक माह पहले वह घर भी आए थे। बुधवार को उनके घर के समीप मार्ग के पास एक बैटरी व इन्वर्टर दिखा। इसके बाद कई लोग इकट्ठा हो गए। चचेरे भाई शाहबाज अकरम खान को सूचना दी गई। वे घर पहुंचे तो सभी कमरों का लॉक टूटा पाया। आलमारी व बक्से के ताले भी टूटे मिले।
चचेरे भाई ने मोबाइल से चोरी होने की जानकारी मुंबई वफा खान को दी। साथ ही पीआरवी पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। चचेरे भाई ने बताया कि भाई मुंबई से गांव के लिए निकल चुके हैं। उनके आने के बाद ही चोरी हुए सामानों की जानकारी हो पाएगी। घर में खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर चोर बैटरी ले गए हैं। टीकरमाफी चौकी प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दिया है। पुलिस मौके पर गई थी, चोरी नहीं हुई है। किसी ने घर में तोड़फोड़ की है, जिसकी जांच की जा रही है।