मुसाफिरखाना (अमेठी)। गौरीगंज तिराहे के पास बुधवार की रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। दो दुकानों में नकब लगाकर और एक दुकान में दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने लगभग पांच लाख रुपये का सामान पार कर दिया। दुकानदारों को सुबह चोरी का पता चला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर दयाराम सोनी की आभूषण की दुकान है। इसी के बगल रोहित कुमार प्रजापति की बाइक सर्विस सेंटर की दुकान है। बीती रात दोनों दुकानों की पिछली दीवार में चोर नकब लगाकर घुस गए। सराफा व्यापारी दयाराम सोनी के मुताबिक उनकी दुकान से डेढ़ किलो चांदी, 15 ग्राम सोना, बैटरी, आभूषण मरम्मत के लिए रखा सामान सहित लगभग दो लाख रुपये का सामान चोरी हो गया। बगल ही इनके भाई मनीष की घड़ी व चश्मे की दुकान है।
दुकान बंद करते समय मनीष अपनी दुकान का कुछ सामान भी उनकी दुकान में रख दिया था। दयाराम के मुताबिक इनके भाई मनीष के लगभग एक लाख के चश्मे व घड़ी का सामान भी चोरी हो गया। बाइक मरम्मत की दुकान के मालिक रोहित के मुताबिक मोबाइल, चेन स्पाकीट, केबल सहित लगभग एक लाख का सामान चोरी हुआ है। इसी के पास शुभम की किराने की दुकान है, जिसमें भी चोरी हुई है। एसएचओ विवेक कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंच कर जांच की गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।