भेटुआ में वारदात, एसी व मॉनीटर समेत काफी सामान ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। भेटुआ ब्लॉक कार्यालय को इस बार चोरों ने अपना निशाना बनाया। ब्लॉक परिसर स्थित चार कार्यालयों के कमरों का ताला काटकर चोरों ने एसी, कंप्यूटर, इनवर्टर व बैट्री समेत लाखों का सामान पार कर दिया। सोमवार सुबह कर्मी जब ब्लॉक पहुंचे तो दो मेन गेट सहित चार कार्यालयों के कमरों का ताला टूटा हुआ था और अंदर लगा एसी, इनवर्टर, बैट्री, मॉनिटर समेत अन्य कीमती सामान गायब था। इसके बाद चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस तथा सीओ ने पहुंचकर मामले की जांच की। रविवार रात भेटुआ ब्लॉक परिसर स्थित कार्यालयों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सोमवार सुबह करीब आठ बजे ब्लॉक में प्रधान सहायक पद पर तैनात उर्दू अनुवादक मुजीब अहमद अंसारी कार्यालय पहुंचे तो दो मेन गेट समेत ब्लॉक प्रमुख कार्यालय, बीडीओ कार्यालय तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कार्यालय का ताला कटा मिला। सभी कमरों में लगे तीन-तीन एसी, तीन एसी स्टेबलाइजर, दो इनवर्टर, एक मॉनीटर, एक प्रिंटर व वॉल फैन गायब था।
प्रधान सहायक ने मामले की सूचना बीडीओ हरिश्चंद्र व ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल को दी। जानकारी मिलते ही तत्काल बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख मौके पर पहुंचे। बीडीओ ने कोतवाली पुलिस के साथ ही मामले की जानकारी सीओ लल्लन सिंह को दी। मौके पर पहुंचे सीओ लल्लन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सुरक्षा के नहीं हैं इंतजाम
अमेठी। ब्लॉक परिसर में बनी बाउंड्रीवाल टूटी हुई है। आवास सभी जर्जर हैं। कोई भी कर्मी नहीं रहता है। रात में चौकीदार की भी तैनाती नहीं है। परिसर में सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा हुआ है। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ भगवान थी।
जल्द होगा खुलासा
खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में चोरी की घटना हुई है। बीडीओ की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
- लल्लन सिंह, सीओ, अमेठी