अमेठी सिटी। टांडा–बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गौरीगंज के बाबूगंज के पास स्थित टोल प्लाजा से रोजाना बड़ी संख्या में लोग रायबरेली और लखनऊ आते-जाते हैं। इनमें कई नौकरीपेशा और व्यापारी हैं, जो नियमित सफर करते हैं। अब इन लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 15 अगस्त से निजी चारपहिया वाहनों के लिए वार्षिक फास्टैग पास शुरू करने जा रहा है।
इस नई व्यवस्था से वाहन चालक साल भर में 200 बार टोल प्लाजा पार कर सकेंगे। इसके लिए केवल 3,000 रुपये का वार्षिक शुल्क देना होगा। तय सीमा (200 ट्रिप या एक वर्ष, जो पहले पूरा हो) के बाद पास स्वतः सामान्य फास्टैग में बदल जाएगा और फिर टोल का भुगतान मौजूदा दरों पर होगा।
ऐसे बनवाएं वार्षिक फास्टैग पास
- अपने स्मार्टफोन पर राजमार्ग यात्रा एप खोलें या एनएचएआई की वेबसाइट पर जाएं।
- फास्टैग आईडी, पंजीकृत मोबाइल नंबर और वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- सिस्टम स्वतः पात्रता की जांच करेगा।
- पात्रता मिलने पर 3,000 रुपये का भुगतान यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से करें।
- भुगतान के बाद पास दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाएगा।