अमेठी इफको केंद्र पर लगी किसानों की भीड़। -संवाद
अमेठी सिटी। शहर से गांव तक कई इफको सेंटर व समितियां खाली पड़ी हैं। यूरिया नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। जिन केंद्रों पर यूरिया है, वहां पर किसानों की लंबी कतार लग रही है। किसानों की परेशानी की ओर अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गौरीगंज इफको सेंटर पर सोमवार को किसानों की लंबी कतार दिखी। एक बोरी यूरिया लेने के लिए किसानों को एक घंटे तक कतार में लगना पड़ रहा है। वहीं, साधन सहकारी समिति माधोपुर में ट्रक से यूरिया उतारी जा रही थी। यहां भी किसान यूरिया लेने के लिए कतार में दिखे। जिले में प्राइवेट कंपनी की यूरिया मिलने के बाद भी सोमवार को खेरौना, राजापुर अमेरूआ, रमई, गोरियाबाद, शाहगढ़ के दुलापुर साधन सहकारी समिति सहित अन्य समितियों पर यूरिया नहीं मिली।
वहीं, संग्रामपुर इफको सेंटर पर भी यूरिया नहीं उपलब्ध मिली। यहां पर ताला लटका हुआ था। ऐसे में यूरिया की आस लेकर आने वाले किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा। उन्हें अन्य समितियों व सेंटरों का चक्कर काटना पड़ा। जिला कृषि अधिकारी डाॅ. राजेश कुमार ने बताया कि प्राइवेट कंपनी की यूरिया सोमवार को आ गई है। समितियों पर खाद पहुंचते ही वितरण सुनिश्चित करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को इफको की 70,500 बोरी यूरिया की रैक गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंच जाएगी।