जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र में रविवार को आई आंधी और बारिश के कारण गिरे खंभों व तारों की वजह से अब भी कई गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। रुदापुर, मऊ, दुनिया का पुरवा और अतवारा गांव की बिजली चार दिनों से बाधित है, जिससे ग्रामीणों को गर्मी के साथ-साथ पानी की गंभीर समस्या झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार आंधी में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे। अतवारा निवासी विजयवीर सिंह और राहुल सिंह ने बताया कि उनके बाग के पास हाईवोल्टेज लाइन (11000 वोल्ट) के तार पेड़ से टकरा गए थे, जिससे पेड़ का हिस्सा जलने लगा। समय रहते विभाग को सूचित कर आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। बिजली न मिलने से मोबाइल चार्ज करने दूसरे गांव जाना पड़ रहा है।
रुदापुर गांव के किशोर, काशीराम, प्रदीप कुमार, करिंगे, गंगाराम, मऊ के छोटेलाल मौर्य, अनिल यादव, धर्मराज यादव और दुनिया के पुरवा के राकेश, राजेश, मोहन लाल, रणजीत गुप्ता ने बताया कि बिजली न होने से पानी की समस्या गंभीर हो गई है। मोबाइल चार्ज करने के लिए उन्हें दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। मिट्टी के तेल की आपूर्ति भी ठप है, जिससे रात में अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
उपखंड अभियंता महेंद्र यादव ने बताया कि जिन क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, वहां मरम्मत कार्य जारी है। खंभे मंगवाए गए हैं, जिन्हें लगाकर जल्द ही शेष आपूर्ति भी चालू कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी गई है।