सिंहपुर(अमेठी)। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात में एक ही गांव के दो घरों में चोरी की वारदात का मामला आया है। लाखों रुपये कीमत के जेवर चोर चुरा ले गए। पीड़ितों ने थाने पर तहरीर दी है। वहीं गांव में एक ही रात दो घरों से चोरी के बाद लोग दहशत में हैं। थाना क्षेत्र शिवरतनगंज के जैतपुर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह चुन्नू कृषक हैं। पत्नी और बेटों के साथ बृहस्पतिवार की रात खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठे तो घर में सामान बिखरा हुआ था। उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। कमरे में जाकर देखा तो खिड़की के पीछे नकब लगाकर सुराख किया गया था। घर से जेवर चोरी होने की बात कही है।
विरेंद्र सिंह के घर से करीब 150 मीटर दूर गांव निवासी सम्मू खां के घर में चोरों ने छत लांघकर घटना को अंजाम दिया और जेवर समेत बर्तन आदि उठा ले गए। सम्मू खां के घर पर भी सिर्फ पति-पत्नी थे। दिन में ईद का पर्व मनाने के बाद वह सो गए थे। सुबह उठे तो मामले की जानकारी हुई। आरोप है कि चोर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवर व सामान उठा ले गए हैं। पीड़ितों ने शिवरतनगंज थाने पर तहरीर दी है। थानाध्यक्ष सच्चिदानंद राय ने बताया कि मौका मुआयना किया गया है, चोरों का पता लगाया जा रहा है।
पहले हुईं चोरियां
केस-1
- नौ को पूरे शुक्लन मजरे पेडरिया गांव निवासी राजेश सिंह के घर से सोने चांदी के जेवरात व 20,000 रुपये की नकदी लेकर चोरी हुई। वहीं इसी गांव निवासी जगजीवन सिंह के घर से भी चोर नकदी उठा ले गए थे।
केस 2
11 मार्च को पन्हौना रियासत के पूरे सर्वजीत बाजार गांव स्थित राज भवन की बाउंड्री के अंदर लगे चंदन के बेस कीमती सात पेड़ों को अज्ञात चोर रात में काटकर उठा ले गए। जिसकी शिकायत राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह ने थाने पर की थी।
केस 3
बीते आठ मार्च को सीएचसी के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर अज्ञात ने दुकान में घुसकर हाथ साफ कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी युवक पकड़ा गया था।