अमेठी सिटी। मुंशीगंज के पलिया गांव में चल रहे भूमि विवाद को लेकर रविवार को पुलिस चौकी पहुंचे एक पक्ष की महिला ने प्रभारी को जमकर खरी खोटी सुनाई। चौकी प्रभारी ने मामले को राजस्व संबंधी बताते हुए समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला उग्र हो गई। इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पलिया गांव निवासी सुमित्रा पाल का पड़ोसी रामसुंदर पाल से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। रविवार को दोनों पक्ष मुंशीगंज चौकी पहुंचे, जहां चौकी प्रभारी राजकुमार यादव ने दोनों पक्ष के लोगों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान सुमित्रा पाल ने आपा खो दिया और चौकी प्रभारी को खरी खोटी सुनाई।
इंस्पेक्टर शिवकांत त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्ष चाचा-भतीजे हैं और विवादित भूमि पर दोनों का आधा-आधा हिस्सा है। राजस्व विभाग की पैमाइश के बाद दोनों को कब्जा भी दिलवाया जा चुका है। इसके बाद न्यायालय से स्थगन आदेश पारित हो चुका है जो वर्तमान में प्रभावी है। यथास्थिति बनाए रखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग में पाबंद कर एसडीएम कोर्ट में चालान पेश किया है।