जामों क्षेत्र में तेज हवा के साथ हो रही बारिश।
अमेठी सिटी। गर्मी से बेहाल लोगों को बुधवार की बारिश से काफी हद तक राहत मिली। आसमान में छाए बादल सुबह से बूंदाबांदी करते हुए दोपहर बाद बरस पड़े। जिले भर में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के वैज्ञानिक डॉ. नवनीत मिश्र ने बताया कि आगामी दो से तीन दिन तक सामान्य से हल्की बारिश होने के आसार हैं। यह भी बताया कि आसमान में बादल छाए रहेंगे।
जामों में बुधवार की शाम हुई बारिश से किसान धान रोपाई की तैयारी में जुट गए। किसान राजकुमार तिवारी, रमेश कुमार बताते हैं कि बारिश किसानों के लिए बहुत फायदेमंद है। सिंहपुर क्षेत्र में दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच दोपहर चार बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश से किसानों के चेहरों पर रौनक दिखने लगी। भादर क्षेत्र में बुधवार की दोपहर से रुक-रुककर रिमझिम बरसात होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
संग्रामपुर के गोरखापुर, विशेषरगंज, बड़गांव और पुन्नपुर में तेज बारिश से किसानों के चेहरे खिले। फुरसतगंज में दोपहर में आधे घंटे की तेज बारिश से किसानों की सूख रही धान की पौध को संजीवनी मिली। बाजार शुकुल इलाके में भी तेज हवा के साथ बारिश होने से किसान खुश हैं।