संग्रामपुर के टिकरिया में मालती नदी पर बांस और बल्ली से पुल तैयार करते ग्रामीण।-संवाद
संग्रामपुर (अमेठी)। अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर टिकरिया स्थित मालती नदी के पास बना वैकल्पिक मार्ग बहे लगभग एक माह गुजर चुका है। जलस्तर कम हो जाने के बावजूद कार्यदायी संस्था अब तक मार्ग की मरम्मत नहीं करा सकी। बृहस्पतिवार को स्थानीय युवकों और ग्रामीणों ने बांस-बल्ली से अस्थायी पुल बना लिया, जिससे लोग आवागमन करने लगे हैं।
वैकल्पिक मार्ग बाधित रहने से छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को रोजाना 10 से 15 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। समस्या का निस्तारण नहीं होने पर स्थानीय युवक खुद आगे आए। उन्होंने बांस और बल्ली लगाकर पैदल व साइकिल से गुजरने लायक अस्थायी पुल बना दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा, क्योंकि विभाग ने अब तक कोई पहल नहीं की।
ग्रामीण रामबोध कश्यप ने कहा कि कार्यदायी संस्था के लोगों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अस्थायी पुल बनने से ग्रामीण और गांव के बच्चे अब पैदल और साइकिल से उस पार जा सकेंगे।
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अमित पाठक ने बताया कि जानकारी होने पर ग्रामीणों को बांस-बल्ली से मार्ग बनाने को लेकर मना किया गया था। जल्द ही अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा।