राजकीय हाईस्कूल अमेठी में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में छात्राओं के साथ सीओ दिनेश मिश्र। संवाद
अमेठी। बेटियां किसी भी रूप में कमजोर नहीं हैं। मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनकर वे हर परिस्थिति का सामना कर सकती हैं। किसी भी तरह का उत्पीड़न होने पर चुप न रहें, तुरंत पुलिस को बताएं। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आज समाज को दिशा दे रही हैं।
ये बातें सीओ मनोज मिश्र ने बृहस्पतिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से राजकीय हाईस्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में मौजूद छात्राओं से कहीं। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सजग रहने का संदेश दिया गया। सीओ ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बाइक या स्कूटी चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
छात्राओं को भरोसा दिलाया कि अब किसी भी थाने में असहज महसूस न करें, हर थाने में महिला हेल्पडेस्क है। यहां पीड़ित बेझिझक अपनी बात रख सकती हैं। साइबर क्राइम और डिजिटल अरेस्ट जैसे भ्रमों से भी सचेत किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी किसी को फोन या वीडियो कॉल करके गिरफ्तार नहीं करती है। अपील की गई कि वे न केवल खुद जागरूक हों, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके बारे में बताएं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुज कुमार मौर्य ने कहा कि यहां मिली उपयोगी जानकारियों को छात्राएं अपने परिजनों व पड़ोसियों तक भी पहुंचाएं। इस दौरान दानबहादुर कश्यप, रामअवध पाल, परिक्रमा शंकर मिश्र, प्रदीप कुमार यादव, अमित कुमार श्रीवास्तव, शिवांगी पांडेय व अशोक कुमार यादव आदि मौजूद रहे।