अमेठी। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार को मंदिरों में विविध आयोजन हुए। रामकथा, रामायण पाठ, भजन कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु श्रीराम की आराधना करने में लगे हुए हैं। जिले के संग्रामपुर स्थित सिद्ध पीठ कालिकन धाम में मंगलवार की सुबह कालिकन धाम के श्री महाराज की अगुवाई में विद्वानों ने हनुमान चालीसा पाठ, रामरक्षा स्तोत्र पाठ किया। साथ ही सवा लाख मंत्रों का जाप चल रहा है। देर शाम सुंदरकांड पाठ एवं भजन संकीर्तन का आयोजन हुआ। मुकुट नाथ धाम परिसर में भगवान भोलेनाथ की आराधना के साथ ही सुंदरकांड पाठ एवं भजन संकीर्तन और आरती का आयोजन हुआ।
शहर स्थित हनुमानगढ़ी धाम में हनुमान चालीसा एवं आरती और संकीर्तन का आयोजन हुआ।जिले के चिन्हित सभी 40 मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर पूजा पाठ के साथ ही भजन कीर्तन चल रहा है। डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देशन में 40 मंदिरों पर स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिरों पर भव्य सजावट, प्रकाश व्यवस्था भी कराई गई है।