अमेठी सिटी। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का प्रसाद जिले के एक लाख 11 हजार घरों तक पहुंचेगा। साथ ही फरवरी में जिले के 40 हजार से अधिक लोगों को अयोध्या में रामलला का दर्शन कराया जाएगा।केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद स्मृति ईरानी ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर तैयारी तेज कर दी है। जिले में होने वाले कार्यक्रमों की निगरानी वह स्वयं कर रही है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सांसद के निर्देश पर उत्थान सेवा संस्थान द्वारा अमेठी संसदीय क्षेत्र के एक लाख 11 हजार परिवारों तक प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का प्रसाद पहुंचाया जाएगा। फरवरी के प्रथम सप्ताह में संसदीय क्षेत्र के 40 हजार लोगों को श्री अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा पर बस से भेजा जाएगा।
सभी को प्रभु श्रीराम का दर्शन करवाया जाएगा। प्रसाद वितरण के साथ श्रवण यात्रा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम शुरू करवा दिया जाएगा।