गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते यात्री। -संवाद
अमेठी सिटी। दीपावली पर घर पहुंचने की जल्दी में रविवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ रही। स्थिति यह रही कि आरक्षित कोच भी साधारण डिब्बों की तरह भरे रहे। किसी को सीट नहीं मिली तो कई लोग दरवाजे और शौचालय के पास खड़े होकर सफर करने को मजबूर दिखे।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल मार्ग पर चलने वाली लगभग सभी ट्रेनों में भीड़ रही। पद्मावत एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ, भोपाल-प्रतापगढ़ और योगनगरी एक्सप्रेस में यात्रियों को जगह तक नहीं मिल पाई। त्योहार से पहले ही अधिकतर ट्रेनों की सीटें भर चुकी थीं। तत्काल टिकट भी कुछ मिनट में खत्म हो रहे हैं, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।
रविवार को स्टेशन पर हर ट्रेन के आने से पहले प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में यात्री जुट गए। ट्रेन रुकते ही डिब्बों में सवार होने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ इतनी थी कि आरक्षित कोच में भी लोगों ने फर्श पर बैठकर यात्रा की। दिल्ली से लौटे पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने दो महीने पहले टिकट बुक कराया था, फिर भी पूरी यात्रा बैठकर करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि सांस लेना भी मुश्किल था।
निर्मला देवी ने बताया कि सीट कन्फर्म होने के बाद भी छोटे बच्चों को लेकर सफर बेहद कठिन रहा। प्लेटफॉर्म पर उतरते वक्त भी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेन में जगह न मिलने से बड़ी संख्या में लोग बसों और छोटे वाहनों से सफर कर रहे हैं। गौरीगंज बस अड्डे पर पूरे दिन यात्रियों की भीड़ बनी रही। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि दीपावली के कारण ट्रेनों में भीड़ उमड़ रही है। ट्रेनों को अतिरिक्त समय तक रोका जा रहा है। आरपीएफ संग निगरानी की जा रही है।