अमेठी सिटी। जिले में सोमवार को उमसभरी गर्मी से लोग दिनभर परेशान रहे। सुबह से तेज धूप निकली। दोपहर में गर्मी बढ़ने से बाजार और सड़कों पर लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। धूप से बचने के लिए लोग छाता, गमछे का सहारा लेते दिखे। स्कूल से लौटते बच्चों को तेज धूप में घर जाना पड़ा। कई अभिभावक छाता लेकर बच्चों को लेने पहुंचे। बच्चे सिर ढककर घर जाते दिखे।
राहगीरों को भी धूप में सफर करने में परेशानी हुई। बाजारों में दुकानदार गर्मी से परेशान रहे। मजदूरों और बुजुर्गों को भी धूप में काम करने में दिक्कत हुई। स्थानीय निवासी आलोक शुक्ल और गौरीशंकर ने बताया कि बिजली कटौती के बीच उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। बिजली न रहने पर घर में भी राहत नहीं मिलती। बाहर निकलने पर कुछ ही देर में कपड़े पसीने से भीग जाते हैं।
किसान देवेंद्र कुमार ने बताया कि धान में बाली आने का समय है। लगातार गर्मी और उमस से फसल प्रभावित हो सकती है। फसलों में रोग लगने की आशंका भी बनी हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 77 प्रतिशत रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि अगले 24 घंटे में हल्के बादल छाने के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।