डामरीकरण के लिए प्रस्तावित अमेठी-संग्रामपुर मार्ग से जरौटा प्राथमिक पाठशाला संपर्क मार्ग। -संवा
अमेठी सिटी। अमेठी-संग्रामपुर मार्ग से जरौंटा प्राथमिक पाठशाला होते हुए झुग्गीलाल के घर तक एक किलोमीटर कच्चे मार्ग को 88 लाख रुपये से पक्का कराया जाएगा। इससे आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। अभी कच्चा रास्ता होने के कारण ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, ब्लॉक और तहसील तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
बहेलियापुर, बरई का पुरवा, उत्तरगांव, जरौंटा, चक्रधनपुर और ईश्वरपुर के ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग को पक्का कराने की मांग कर रहे हैं। इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चों, किसानों और अन्य ग्रामीणों का आवागमन होता है। पक्की सड़क न होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकालने में दिक्कत होती है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश में कच्चा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
राजकुमार मिश्र ने बताया कि सड़क की हालत खराब होने से लोगों को रोजाना परेशानी होती है। अजीत कुमार मिश्र ने कहा कि पक्की सड़क बनने से आसपास के गांवों के विकास को गति मिलेगी। बालचंद्र गुप्ता ने बताया कि बारिश के दिनों में घर तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि एक किलोमीटर सड़क का निर्माण 88 लाख रुपये से कराया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा।