अमेठी सिटी। कच्चे मार्ग पर गिट्टियां बिछने के बाद परेशानी झेल रहे बेलखौर गांव के लोगों व प्राथमिक स्कूल के बच्चों, अन्य राहगीरों को जल्द ही आवागमन में सहूलियत होगी। जिला पंचायत ने इस मार्ग के लेपन कार्य (डामरीकरण) को स्वीकृति प्रदान करते हुए मार्ग निर्माण पर खर्च होने वाले 22.74 लाख रुपये भी जारी कर दिए हैं।
अमेठी विधानसभा क्षेत्र में ताला-बसायकपुर संपर्क मार्ग से प्राथमिक स्कूल होते हुए बेलखौर का रास्ता करीब डेढ़ किमी कच्चा है। एक साल पहले इस मार्ग पर गिट्टियां डालकर छोड़ दिया गया था। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन राहगीर चोटिल होते रहते हैं। पिछले दिनों जिला पंचायत में कच्चे मार्ग को पक्के में तब्दील करने का प्रस्ताव पारित हुआ था। अब जल्द ही इस मार्ग का डामरीकरण शुरू किया जाएगा। इसके लिए ठेकेदार नामित किया जा चुका है। तीन माह में प्रस्तावित कार्य को पूरा किया जाना है। मार्ग पक्का होने के बाद लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।