अमेठी सिटी। टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता वापस लिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को एससी-एसटी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों ने कहा कि यह निर्णय शिक्षकों के हित में नहीं है। इसको वापस लिया जाना चाहिए। यह निर्णय स्कूलों को बंद करने व विलय की और धकेल रहा है। इससे लाखों बच्चे पढ़ाई छोड़ देंगे या तो निजी स्कूलों में जाने के लिए विवश हो जाएंगे। इससे सार्वजनिक शिक्षा की स्थिति बिगड़ जाएगी। कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य की है। इससे शिक्षकों में नौकरी जाने का खतरा सताने लगा है। इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।
शिक्षकों ने कहा शिक्षक संघ बंटा नहीं है। सभी मिलकर लड़ाई लड़ेंगे। संघ ने चेतावनी दी कि निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर संगठन के मंडल अध्यक्ष दयाशंकर, जिलाध्यक्ष पवन कुमार, उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ अध्यक्ष अब्दुल रसीद और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।