गौरीगंज(अमेठी)। स्थानीय कस्बे के जामो मार्ग पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी के बाद परिजन गमगीन है तो पुलिस केस दर्ज कर वाहन की तलाश में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय जितेंद्र ने हेलमेट नहीं लगाया था। गौरीगंज थाना क्षेत्र के माधवपुर निवासी जितेंद्र गौतम (25) समाज कल्याण अधिकारी का दिहाड़ी पर वाहन चलता था। शुक्रवार को कार्यालय बंद होने के बाद जितेंद्र बाइक से जामो रोड में किसी काम से जा रहा था।
गौरीगंज-जगदीशपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने जितेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए जितेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जितेंद्र की मौत हो गई।
मौत के बाद अस्पताल कर्मियों ने मामले की सूचना मेमो के जरिए पुलिस को दी। पुलिस ने पहचान करने के बाद जानकारी परिजनों को दी। जितेंद्र की मौत के बाद परिजन गमगीन है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर वाहन की तलाश करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एसएचओ अखंड देव मिश्र ने बताया कि वाहन व चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।