अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस की लेटलतीफी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गौरीगंज और अमेठी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली इस ट्रेन पर बड़ी संख्या में यात्री निर्भर रहते हैं, लेकिन देरी से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
दानापुर से दिल्ली जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस सोमवार रात 10:56 बजे गौरीगंज पहुंचने वाली थी। ट्रेन मंगलवार सुबह 08:29 बजे स्टेशन पहुंची। करीब नौ घंटे की देरी से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। प्लेटफॉर्म पर रातभर बैठे यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी। इस मार्ग पर प्रतिदिन अप व डाउन दिशा में दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस का संचालन होता है। कन्फर्म टिकट न मिलने की स्थिति में अधिकांश यात्री इसी ट्रेन से सफर करते हैं।
वहीं लखनऊ से प्रयागराज के बीच चलने वाली संगम स्पेशल भी मंगलवार को निर्धारित समय सुबह 09:19 बजे के बजाय 10:15 बजे गौरीगंज पहुंची। इसके अतिरिक्त अन्य कई ट्रेनें भी 50 मिनट से डेढ़ घंटे की देरी से आईं और रवाना हुईं। यात्रियों का कहना है कि लगातार हो रही ट्रेनों की देरी से कामकाज और यात्रा की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। समय पर ट्रेन न मिलने से परेशानी बढ़ रही है। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तकनीकी कारण से अप जनसाधारण एक्सप्रेस देरी से गौरीगंज पहुंची।