अमेठी सिटी। विकास भवन में कार्यरत सफाई कर्मचारी के बैंक खाते से साइबर फ्राड ने 35 हजार रुपये उड़ा दिए थे। एसपी से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर डीडीओ ने सीओ को पत्र लिखा है।
विकास भवन में कार्यरत सफाई कर्मचारी कामता मणि त्रिपाठी ने एसपी को पत्र लिखकर शिकायत की है कि दो फरवरी को एक अज्ञात कॉल आई। कॉलर ने खुद को रिश्तेदार बताकर झांसे में ले लिया। उसने किसी अन्य के खाते से पैसे मंगाकर भेजने का दावा किया।
पीड़ित के फोन पर पैसे आने का मैसेज भी फ्लैश हुआ। झांसे में आकर पीड़ित ने सात बार में 35 हजार रुपये भेज दिए। बाद में मैसेज भी गायब हो गया। आरोप है कि एसपी से मिलकर शिकायत के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। डीडीओ तेजभान सिंह ने सीओ को पत्र लिखकर कार्रवाई का अनुरोध किया है।